नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक युवक को दो लोगों ने स्थाई नौकरी लगवाने का झांसा देकर पांच लाख रुपये ठग लिए। शातिरों ने सत्ताधारी नेताओं के साथ फोटो दिखाकर अच्छी सांठगांठ बताकर जाल में फंसाया और ठगी की। आरोप है कि पुलिस से शिकायत करने पर कोई कार्रवाई नहीं हुई तो कोर्ट के आदेश पर छोटा कैला निवासी मोहम्मद राशिद सैफी ने नगर कोतवाली में शमीम सैफी और साजिद सैफी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
एसीपी रितेश त्रिपाठी ने बताया कि राशिद सैफी के मुताबिक वह पूर्व में सदर तहसील में संविदा कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे। जुलाई 2023 में उनकी मुलाकात कैला भट्ठा निवासी शमीम सैफी से हुई। आरोप है कि उसने बताया किसी भी सरकारी संस्थान में काम करने वाले अस्थायी दैनिक वेतनभोगियों को सरकार द्वारा स्थायी करने की योजना आ रही है। इसमें वह उनकी स्थाई नौकरी लगवा सकता है। झांसे में लेकर उसने उसमें पांच लाख रुपये का खर्च बताया। आरोप है कि शमीम सैफी ने सत्ताधारी नेताओं के साथ अपने फोटो दिखाकर सरकार में अच्छी सांठगांठ होने का झांसा दिया। इसके बाद उन्होंने उसे 3.63 लाख रुपये ऑनलाइन और 1.37 लाख रुपये नकद दिए। पांच लाख रुपये देने के कई महीने बाद उन्होंने जब स्थाई नौकरी के बारे में शमीम सैफी से पूछा तो उसने जल्द ही स्थाई नौकरी का नियुक्ति-पत्र दिलाने की बात कहकर टाल दिया। काफी समय बीत जाने के बाद जब उन्होंने शमीम पर दबाव बनाया तो उसने उनकी मुलाकात साजिद सैफी नाम के व्यक्ति से कराई। साजिद सैफी ने खुद को सत्ताधारी पार्टी का नेता बताया और कहा कि उनके पांच लाख रुपये ऊपर पहुंचा दिए गए हैं। जल्द ही उनकी नौकरी का स्थाई नियुक्ति पत्र आ जाएगा। काफी समय बाद दोनों ने उन्हें शासन का एक नियुक्ति-पत्र दिखाया और जल्द ही उसे अधिकारियों से प्रमाणित कराकर देने की बात कही। शक होने पर उन्होंने जानकारी निकलवाई तो पता चला कि सरकार ने ऐसी कोई योजना ही नहीं निकाली है। उन्होंने फिर उनसे रकम वापस मांगी तो आरोपी धमकी देने लगे। पीड़ित ने शमीम सैफी और साजिद सैफी के खिलाफ नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। एसीपी कोतवाली रितेश त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।