साहिबाबाद। जहरीली होती हवा को संतुलित करने की कवायद से लगाए गए ग्रैप की पाबंदियों का पालन न तो लोग स्वयं कर रहे और न ही अधिकारी लागू करा पा रहे हैं। इससे शहर में ग्रैप दो ही पाबंदियां लागू हैं लेकिन एक की पाबंदियों को भी अमल में नहीं लाया जा रहा।
गत सप्ताह ही वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने आदेश दिया कि पांच नवंबर से 20 नवंबर तक सभी निर्माण कार्यों पर पूरी तरह से रोक रहेगी। सिर्फ रेलवे, स्वास्थ्य, सुरक्षा या आपात सेवा से जुड़े कार्यों को ही छूट दी गई थी। बावजूद इसके शहर में जगह-जगह निर्माण कार्य अभी भी जारी है, यहां तक कि नगर निगम की ओर से भी काम संचालित हो रहा है। इस मामले में यूपीपीसीबी के क्षेत्रीय अधिकारी अंकित सिंह ने बताया कि सिद्धार्थ विहार, वेव सिटी, मेरठ रोज, इंदिरापुरम में नगर निगम की साइटों पर काम चलता पाया गया उनको नोटिस जारी किया है।
इंदिरापुरम की हवा रही सबसे अधिक जहरीली
शहर में मानकों के उल्लंघन होने का ही नतीजा है कि हर दिन शहर के अलग-अलग स्टेशनों का एक्यूआई बढ़ रहा है। बृहस्पतिवार को शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक 275 से बढ़कर 263 पहुंच गया। इंदिरापुरम जिले का सर्वाधिक प्रदूषित स्टेशन दर्ज हुआ और यहां का एक्यूआई 322 दर्ज किया गया। वहीं, गोविंदपुरम और खोड़ा का एक्यूआई 200 से नीचे रहा। बाकी इलाकों की वायु गुणवत्ता भी खराब रही। इसके अलावा दिल्ली में प्रतिबंधित बीएस-6 से पुराने वाहनों को रोकने के लिए चेकिंग के कारण यूपी गेट समेत कई स्थानों पर जाम लगा।
गाजियाबाद के स्टेशनों का एक्यूआई
गाजियाबाद-263
गोविंदपुरम-123
इंदिरापुरम-322
लोनी-278
न्यू तहसील, लोनी-291
वसुंधरा-185
वेद विहार, लोनी-270
संजयनगर-263
वेव सिटी- 297
खोड़ा 190
मोदीनगर 284