गाजियाबाद। वेव सिटी थाना क्षेत्र की निर्माणकर्ता कंपनी के कर्मचारियों को बंधक बनाकर पीटने का मामला सामने आया है। कंपनी के अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने महिला समेत आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर जांच शुरू कर दी।
काजीपुरा डासना निवासी रणजीत सिंह ने बताया कि उनकी कंपनी बहुमंजिला इमारत बनाने का काम करती है। कुछ लोग उनके कर्मचारियों को बिना वजह काफी समय से परेशान कर रहे हैं और काम नहीं करने दे रहे हैं। आरोप है कि है कि पिंकी, अमित शर्मा, संजीव चौधरी, संजय आदि ने एक राय होकर उनके कार्यालय में कर्मचारियों को दो घंटे तक बंधक बनाकर रखा। उनको बुरी तरह पीटा। एक दिन पहले भी आरोपियों ने कार से उनके स्टाफ को कुचलने की कोशिश की थी। एसीपी पूनम मिश्रा ने बताया कि जांच कराई जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।