बुनकर (हैंडलूम) फर्म के नाम पर रजिस्टर्ड बिजली कनेक्शन पर गाजियाबाद सहित हापुड़ में सैकड़ों फैक्ट्रियां चल रहीं हैं। पावर कारपोरेशन ने इन पर शिकंजा कसने की तैयारी कर ली है। कारपोरेशन पहले वास्तविक बुनकर फर्मों का सर्वे कराएगा। इसके बाद फर्जी फैक्ट्रियों से मोटा जुर्माना वसूला जाएगा।
गाजियाबाद के मोदीनगर, मुरादनगर और लोनी के अलावा हापुड़ के पिलखुवा में सैकड़ों हैंडलूम फर्म संचालित हैं। पावर कारपोरेशन की स्कीम के तहत बुनकरों को बिजली कनेक्शन और बिल में छूट मिलती है।
ऐसे में पहले हैंडलूम के नाम पर बिजली कनेक्शन हासिल करने वाली फर्म अब कई अन्य फैक्ट्रियों में तब्दील हो गई हैं। यह फैक्ट्रियां बुनकर फर्मों को मिलने वाली छूट का लाभ उठा रही हैं। विभाग को मिली शिकायत के बाद ऐसी फैक्ट्रियों के खिलाफ कार्रवाई का पूरा खाका तैयार किया गया है।
कार्रवाई से बचने को कनेक्शन कराएं चेंज
छूट का लाभ वास्तविक बुनकरों की फर्मों को मिले, यह सुनिश्चित किया जाएगा। हैंडलूम फर्म के कनेक्शन के नाम पर चल रहीं फैक्ट्रियों के संचालकों को हिदायत दी जाती है कि वे जल्द अपना बिजली कनेक्शन चेंज करा लें। अगर कार्रवाई में वे पकड़े जाते हैं तो कनेक्शन जारी होने से लेकर अब तक का जुर्माना वसूला जाएगा। - एस. के. गुप्ता, चीफ इंजीनियर, पावर कारपोरेशन