गाजियाबाद। कोरोना संक्रमण के तीन मरीजों की पुष्टि हुई है। इनमें दो महिलाएं व एक पुरुष है। इस समय जिले में 14 सक्रिय मरीजों का इलाज चल रहा है। इनमें से 12 मरीज होम आइसोलेशन है दो निजी अस्पताल में भर्ती हैं। होली के बाद संक्रमण बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग भी होली पर लोगों से कोरोना प्रोटोकॉल अपनाने की अपील कर रहा है।
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. आरके गुप्ता ने बताया कि गांधीनगर निवासी 58 वर्षीय व्यक्ति को 18 मार्च से छाती में जलन व दर्द की शिकायत थी। मरीज पहले से मधुमेह के मरीज हैं। उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां जांच में रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बापूधाम निवासी 48 वर्षीय महिला को रसोली की शिकायत थी, उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में पहुंची थी, सामान्य जांच के दौरान कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके अलावा 26 वर्षीय महिला को 13 मार्च से बुखार, शरीर में दर्द व खांसी की शिकायत थी। जांच में कोरोना की पुष्टि हुई है।