गाजियाबाद। होली पर्व के मद्देनजर आज (शनिवार) से 26 मार्च तक उपभोक्ताओं को भरपूर बिजली मिलेगी। इस दौरान किसी तरह की कटौती नहीं की जाएगी। जरूरत पड़ने पर ऊर्जा निगम मुख्यालय से अतिरिक्त बिजली खरीदेगा। जोन एक के मुख्य अभियंता नीरज स्वरूप ने बताया कि निगम की प्रबंध निदेशक की ओर से जारी आदेशों में कहा गया है कि होली पर्व के दौरान किसी तरह की कटौती न की जाए। इसको देखते हुए निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों के अवकाश पर रोक लगा दी गई है। उन्होंने बताया कि प्रबंध निदेशक ने सभी कर्मचारियों को फॉल्ट या ब्रेकडाउन की सूचना पर तुरंत मौके पर पहुंचकर निस्तारण करने को कहा है। डिस्काॅम मुख्यालय के अधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।