पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सिखेड़ा में तालाब की जमीन पर कब्जा कर निर्माण कराने की शिकायत संपूर्ण समाधान दिवस में की गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से तालाब की जमीन को कब्जा मुक्त कराने और अवैध निर्माण रुकवाने की मांग उठाई।
शिकायती पत्र में गांव सिखेड़ा निवासी मुनीश ने बताया कि खसरा संख्या 896 राजस्व अभिलेखों में तालाब के रूप में दर्ज है। आरोप है कि कुछ लोग तालाब की जमीन पर कब्जा कर चहारदीवारी का निर्माण करा रहे हैं। आरोप है कि कब्जा करने वालों में मुरादाबाद जिले में सिपाही के पद पर तैनात पुलिसकर्मी बताया गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि तालाब की जमीन पर निर्माण का विरोध करने पर धमकी दी गई और शिकायत करने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की बात कही गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि तालाब की जमीन से कब्जा हटाया जाए, निर्माण कार्य ध्वस्त कराया जाए और पूरे मामले में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि तालाब की जमीन सुरक्षित रह सके। एसडीएम मनोज सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है।