लोनी। एसडीएम लोनी के खिलाफ अधिवक्ताओं का धरना-प्रदर्शन पांचवें दिन समाप्त हो गया। मंगलवार को अधिवक्ताओं-अधिकारियों की बैठक में गिले-शिकवे दूर किए गए।एसडीएम ने अधिवक्ताओं को बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर चैंबरों की व्यवस्था के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया है। इसमें अपर जिलाधिकारी, सहायक महानिरीक्षक निबंधन और एसडीएम लोनी को शामिल किया गया है। एसडीएम ने बताया कि अधिवक्ताओं को नई तहसील में चैंबर की मांग को भी जल्द पूरा किया जाएगा। इस पर अधिवक्ताओं ने बुधवार से काम पर लौटने का आश्वासन दिया है।
लोनी तहसील बार एसोसिएशन के सचिव विजय आनंद ने बताया कि एसडीएम ने अधिवक्ताओं के साथ अभद्रता की गई थी। इस पर अधिवक्ता तहसील परिसर में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए थे। इस बीच अधिवक्ताओं के प्रतिनिधि मंडल ने जिलाधिकारी से मिलकर नई तहसील पर विधि व्यवसाय के लिए चैंबर की मांग रखी थी। लेकिन इसी बीच मामला उग्र हो गया और दोनों ओर से तना-तनी हो गई थी। इसके बाद अधिवक्ता धरने पर बैठ गए थे, लेकिन एसडीएम की ओर से वार्ता का प्रस्ताव भेजा गया था और उन्हाेंने चैंबरों को लेकर योजना सभी के सामने रखी। जल्द ही चैंबरों के लिए भूमि चिंहित किए जाने की बात कही और कमेटी गठित होने के बाद धरना समाप्त कर दिया है। जल्द ही अधिकारी चैंबरों की जमीन से संबंधित रिपोर्ट सौपेंगे।