गाजियाबाद। दुहाई-गोविंदपुरम के बीच खेत में तेंदुआ होने की सूचना पर वन विभाग ने रविवार को दुहाई-गोविंदपुरम के बीच खेतों में कांबिंग की। हालांकि, वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सड़क किनारे रेत पर एक दो जगह जो पदचिन्ह मिले हैं, वह जंगली बिल्ली के हैं। शनिवार को दुहाई के विकास कुमार को राहगीरों ने तेंदुआ हाेने की जानकारी दी थी। इसके बाद आसपास में यह खबर तेजी से फैल गई। कनौजा, नूरपुर, चितौड़ा, नाहल आदि गांवों के लोग भी तेंदुए की जानकारी मिलने के बाद सतर्क हो गए। क्षेत्रीय वन अधिकारी विकास सिंटोरिया का कहना है कि सूचना को गंभीरता से लिया गया है। ऐसा कोई साक्ष्य नहीं मिला है, जिससे तेंदुए की पुष्टि हो सके।