गाजियाबाद। लॉकडाउन में चोरी की स्कूटी चलाने वाले एक वाहन चोर को सिहानी गेट पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक गुमराह करने के लिए आरोपी ने स्कूटी पर फर्जी नंबर प्लेट लगा रखी थी। पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। एसएचओ गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि पुलिस लॉकडाउन का पालन कराने के लिए राकेश मार्ग पर मुस्तैद थी। इसी दौरान पुलिस को एक स्कूटी सवार आता हुआ नजर आया। जिसको पुलिस ने रोकने के लिए इशारा किया तो वह वापस स्कूटी मोड़कर भागने लगा। पुलिस ने उसका पीछा किया और दबोच लिया। पूछताछ करने पर पता चला कि स्कूटी चोरी की है जो 3 माह पूर्व बजरिया से चुराई गई थी। उन्होंने बताया कि पकड़े गया आरोपी पुराना आनंद विहार शिवाजी पार्क भाटिया मोड़ के पीछे सिहानी गेट निवासी प्रवीण है। पुलिस का दावा है कि पकड़ा गया आरोपी वाहनों को चुराने के बाद उन्हें बेच दिया करता था। शनिवार रात भी यह किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।