रामलीला मैदान कविनगर में श्रद्धा और उत्साह के साथ हुआ आयोजन
कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा रहे मुख्य अतिथि
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। चिन्मय मिशन की स्थापना के 75 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर अमृत महोत्सव के तहत कविनगर स्थित रामलीला मैदान में 108 कुण्डीय हनुमान चालीसा यज्ञ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम पूज्य स्वामी शारदानंद सरस्वती के निर्देशन में श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के प्रारंभ में बारिश के कारण कुछ समय के लिए व्यवधान आया, लेकिन उपस्थित हनुमान भक्तों की श्रद्धा और धैर्य के आगे मौसम भी अनुकूल हो गया। इसके बाद 21 बार हनुमान चालीसा के पाठ के साथ यज्ञ की आहुतियां समष्टि कल्याण की कामना के साथ अर्पित की गईं।
यज्ञ के मुख्य यजमान कृष्णावतार गर्ग रहे, जिन्होंने मंच पर स्वामी शारदानंद सरस्वती के निर्देशन में विधिवत यज्ञ संपन्न कराया। समापन समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर संजीव गुप्ता, ललित जायसवाल, संत नवनीत प्रिय दास, वेदप्रकाश बंसल, योगेश कंसल और विजय मित्तल सहित अनेक गणमान्य लोगों ने श्रद्धापूर्वक आहुति अर्पित की। आयोजन चिन्मय मिशन की ब्रह्मचारिणी प्रणति चैतन्य के मार्गदर्शन और संस्थान के सेवकों के सहयोग से “जपें हनुमान बनें गुणवान” के संदेश को समाज तक पहुंचाने के उद्देश्य से किया गया।