गाजियाबाद। बच्चों में खांसी, बुखार और सांस लेने में परेशानी को सामान्य मौसमी बीमारी समझकर नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है। कई मामलों में ये लक्षण निमोनिया के भी हो सकते हैं। एमएमजी अस्पताल में रोजाना 10 से 15 और संयुक्त जिला अस्पताल में आठ से 10 बच्चे निमोनिया का इलाज कराने पहुंच रहे हैं।
चिकित्सकों के अनुसार, बचपन में निर्धारित समय पर पूरा टीकाकरण कराने से निमोनिया के कुछ गंभीर संक्रमणों से बचाव में मदद मिलती है। विशेष रूप से न्यूमोकोकल वैक्सीन बच्चों को न्यूमोकोकस बैक्टीरिया से होने वाले गंभीर संक्रमणों से सुरक्षा देती है। सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर निर्धारित टीकाकरण निशुल्क उपलब्ध है, जबकि निजी अस्पतालों में इसके लिए तीन से पांच हजार रुपये तक खर्च करने पड़ सकते हैं।
सभी जरूरी टीके जरूर लगवाएं
जिला संयुक्त अस्पताल की बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अर्चना सिंह का कहना है कि बच्चों को जन्म के बाद निर्धारित समय पर सभी जरूरी टीके लगवाने चाहिए। न्यूमोकोकल वैक्सीन निमोनिया के कुछ गंभीर बैक्टीरियल संक्रमणों से बचाव में मदद करती है। इसके अलावा खसरा, काली खांसी व अन्य संक्रमणों से बचाने वाले टीके भी जरूरी हैं। उन्होंने बताया कि यदि बच्चे को तेज बुखार, लगातार खांसी या तेजी से सांस चलने की शिकायत हो तो तत्काल चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए। समय पर जांच और उपचार से बीमारी की गंभीरता को कम किया जा सकता है।
बैक्टीरिया, वायरस और फंगल संक्रमण से होता है निमोनिया
एमएमजी अस्पताल के चेस्ट फिजिशियन डॉ. इमरान खां का कहना है कि निमोनिया फेफड़ों में होने वाला संक्रमण है। इसमें फेफड़ों की वायु थैलियों में सूजन आ जाती है और उनमें तरल या मवाद भर सकता है। इससे मरीज को सांस लेने में परेशानी होती है। बैक्टीरिया और वायरस इसके प्रमुख कारण हैं। कुछ मामलों में फंगल संक्रमण से भी निमोनिया हो सकता है। बच्चों और बुजुर्गों को धुएं, धूल और प्रदूषण से बचाना चाहिए। इसके साथ ही पौष्टिक भोजन, साफ-सफाई और नियमित टीकाकरण पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।
निमोनिया के प्रति जागरूकता जरूरी
आईएमए गाजियाबाद के प्रवक्ता डॉ. नवनीत वर्मा ने बताया कि 12 नवंबर को विश्व निमोनिया दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष की थीम ''''''''निमोनिया नियंत्रण का नया युग'''''''' है। इस मौके पर स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बच्चों के नियमित टीकाकरण और निमोनिया के प्रति जागरूकता को जरूरी बताया है। चिकित्सकों का कहना है कि समय पर टीकाकरण कराने से निमोनिया के कुछ गंभीर संक्रमणों का खतरा कम किया जा सकता है। टीकाकरण का निर्धारित क्रम पूरा नहीं होने पर बच्चों में संक्रमण की आशंका बनी रहती है।
निमोनिया के प्रमुख कारण
- बैक्टीरिया और वायरस का संक्रमण।
- खसरा और इन्फ्लुएंजा जैसे संक्रमण।
- निर्धारित टीकाकरण पूरा नहीं होना।
- धूम्रपान, चूल्हे का धुआं और वायु प्रदूषण।
- कुपोषण और कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता।
इस तरह कर सकते हैं बचाव
- जन्म से निर्धारित समय पर संपूर्ण टीकाकरण कराएं।
- बच्चों को पौष्टिक और संतुलित आहार दें।
- घर और आसपास साफ-सफाई रखें, धुएं और धूल से बचाएं।
- नियमित रूप से हाथ धोने की आदत डालें।
- संक्रमित व्यक्तियों के संपर्क से बचाएं।