जमीन का किया फर्जी एग्रीमेंट कर 10 लाख हड़पे
गाजियाबाद। मसूरी क्षेत्र की पोल लाइट बनाने वाले कारोबारी अनिल कुमार से कुछ लोगों ने पोल लाइट खरीदने और उन्हें रखने के लिए गोदाम बनाने का झांसा देकर 10 लाख रुपये हड़प लिए। आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज के आधार पर एग्रीमेंट बनवाया।
लोनी के कृष्णा विहार के रहने वाले अनिल कुमार का कहना है कि मई 2022 में प्रोपर्टी डीलर ललित तोमर ने पोल लाइट की ऑर्डर मिलने की बात कहकर दीपक शर्मा से मिलवाया। उनके जरिये उनके पास संजीव शर्मा नाम के व्यक्ति का फोन कॉल आया, जिसने पांच हजार पोल लाइट बनवाने का ऑर्डर देने की बात कही। इसके बाद आरोपियों ने बड़ी कंपनियों से संपर्क बताते हुए गोदाम के लिए जमीन दिलवाने के लिए कहा। ललित ने मसूरी के अबरार से मुलाकात कराई। दोनों के बीच 18 बीघा जमीन खरीदने की बात हुई। संजीव ने अबरार को चार लाख रुपये एडवांस दे दिए। साथ ही संजीव ने कहा कि उन्होंने कंपनी में यह जमीन अनिल के नाम बताई है, इसलिए अनिल तुम अपने नाम करा लो। कंपनी जमीन की कीमत का भुगतान कर देगी। आरोपियों ने अबरार और अनिल के बीच फर्जी एग्रीमेंट करा दिया। अबरार ने चार लाख में जमीन नहीं देने की बात कही तो आरोपियों ने अनिल से 10 लाख रुपये देने को कहा। अनिल ने विश्वास में आकर 10 लाख रुपये दे दिए। आरोप है कि पोल लाइट का ऑर्डर देने और जमीन खरीदने वालों ने उनसे संपर्क करना बंद कर दिया। उन्होंने फोन कर संपर्क करने का प्रयास किया तो उन्होंने जान से मारने की धमकी दी। मसूरी थाना प्रभारी रविंद्र चंद पंत का कहना है कि मामले में संजीव शर्मा, ललित तोमर, विकास तोमर, दीपक शर्मा, सचिन और मुरसलीम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
आवास दिलाने का झांसा देकर महिला से ठगे 80 हजार
विजयनगर में कांशीराम आवासीय योजना में आवास दिलाने का दिया झांसा
संवाद न्यूज एजेंसी
गाजियाबाद। विजयनगर के बागू निवासी दीपा रानी से अकबरपुर बहरामपुर के रहने वाले धर्मेंद्र और अशोक ने कांशीराम आवासीय योजना में मकान दिलाने का झांसा देकर 80 हजार रुपये ठग लिए। आरोप है कि आठ माह बीत जाने के बाद भी उन्होंने न तो उनके रुपये लौटाए और न ही कोई मकान दिया। अब रुपये वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
दीपा के पति नितिन ने बताया कि वह चाय की दुकान करते हैं। उनके काम में उनकी पत्नी भी सहयोग करती हैं। उनकी दुकान पर धर्मेंद्र और अशोक काफी समय से आ रहे थे। उन्होंने उनकी पत्नी को सरकारी योजना में एक मकान दिलाने का झांसा दिया। इसके लिए उन्होंने उनसे एक लाख रुपये की मांग की और बाकी रकम पर ऋण कराने को कहा। आरोप है कि उन लोगों ने उन्हें विजयनगर में एक प्लाट दिखाया और जिसे 12 लाख रुपये में बनाकर देने की बात कही। उनके झांसे में आकर उन्होंने उन्हें 80 हजार रुपये दे दिए। विजयनगर थाना प्रभारी योगेंद्र मलिक का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
3.24 करोड़ का माल खरीदकर नहीं किया भुगतान
संवाद न्यूज एजेंसी
गाजियाबाद। नवयुग मार्केट स्थित एक स्टील कंपनी से दो कपंनियों के मालिकों ने 3.24 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की है। कंपनियों के मालिक ने माल खरीदकर भुगतान नहीं किया। माल देने वाली कंपनी के कर्मचारी माल के रुपये लेने कंपनी गए तो आरोप है कि आरोपियों ने धमकी देकर भुगतान करने से इनकार कर दिया।
ईश्वर स्टील्स के इंद्रजीत अरोड़ा का कहना है कि उनकी कंपनी विभिन्न प्रकार के स्टील उत्पादों का व्यापार करती है। उनकी कंपनी का उत्तराखंड की कंपनी प्रेसिटेक इंक्लोजर सिस्टम व नोएडा की पेसिटेक इंजीनियर्स के साथ पिछले 15 साल से व्यापारिक संबंध हैं। आरोप है कि मार्च 2019 के बाद से दोनों कंपनियों ने उनका भुगतान करना बंद कर दिया और लगातार माल लेते रहे। दोनों कंपनी के मालिक जल्द भुगतान करने का आश्वासन देते रहे। ऐसा करके दोनों कंपनियों ने 3.24 करोड़ रुपये का माल लिया। मामले में एसपी सिटी के आदेश पर नगर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गई है। एसपी सिटी निपुण अग्रवाल का कहना है कि मामले में सुनील कोहली, प्रवीन कोहली, सीमा कोहली, अंजू कोहली, जयेश कोहली, मनस्वी कोहली, साहिल कोहली, करन कोहली के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।