एक अप्रैल से काफी कुछ बदल जाएगा। केंद्र सरकार के आम बजट में शामिल प्रावधान अप्रैल से लागू होने जा रहे हैं। इससे जहां एक ओर कुछ वस्तुएं महंगी होंगी तो दूसरी ओर घर सस्ता होने के साथ ही ऑनलाइन रेलवे टिकट लेने पर ज्यादा सर्विस चार्ज नहीं देना पड़ेगा।
वित्तीय वर्ष 2017-18 एक अप्रैल से शुरू होने जा रहा है। आम बजट में इस बार काफी कुछ बदलाव लाने की कोशिश की गई है। इसमें मुख्य रूप से मध्यम वर्ग को ध्यान में रखते हुए योजनाएं शुरू होंगी।
बजट में आम जनता को ध्यान में रखते हुए जरूरत की वस्तुओं को सस्ता किया गया है। मसलन, बैंक अपनी होमलोन की दरें कम करेंगे। इससे लोगों का अपना घर खरीदने का सपना पूरा होगा।
ऑनलाइन रेलवे टिकट बुक कराने पर लगने वाला सर्विस चार्ज कम होगा। यानी ऑनलाइन रेल टिकट भी सस्ते होंगे। लैदर के सामान सस्ते होंगे। इसके अलावा डाक सुविधाओं को प्रसारित करने के उद्देश्य से टैक्स कम किया जाएगा, यानी डाक सुविधाएं भी सस्ती होंगी।
अप्रैल से सड़कों पर सिर्फ बीएस-4 मानक के वाहन ही चलेंगे। इस तरह से ऑटो कंपनियों के कार, मोटर साइकिल महंगी हो जाएंगी। कामर्शियल वाहनों का थर्ड पार्टी इंश्योरेंस की दरें महंगी होंगी।
यानी वाहनों का बीमा महंगा होगा। पान मसाले, सिगरेट, बीड़ी, गुटखा आदि महंगे होंगे। टोल टैक्स में दो से तीन फीसदी तक महंगाई हो जाएगी। स्टील व एल्युमीनियम के प्रोडेक्ट, एलईडी बल्ब और चांदी व मोबाइल भी महंगे हो जाएंगे।