गाजियाबाद। ऋण उपलब्ध कराने के बदले 20 हजार रुपये की रिश्वत लेने के मामले में गिरफ्तार पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के शाखा प्रबंधक गौरव गुप्ता और एक अन्य व्यक्ति प्रमोद को सीबीआई ने अदालत में पेश किया। बुधवार को अदालत ने दोनों आरोपियों को 20 फरवरी तक के लिए न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। सीबीआई ने शाखा प्रबंधक के पैतृक आवास मेरठ व हापुड़ में भी तलाशी ली थी।
अदालत से मिली जानकारी के अनुसार गढ़मुक्तेश्वर निवासी दीपक ने सिलाई मशीनों की खरीद के लिए केवीआईसी ऋण के लिए चार लाख रुपये का आवेदन किया था। ऋण स्वीकृत करने को लेकर प्राइवेट व्यक्ति प्रमोद से बातचीत की थी। प्रमोद ने दीपक को भरोसा दिलाया कि बैंक के प्रबंधक गौरव गुप्ता से उसकी अच्छी बातचीत है। ऋण स्वीकृत करवा देगा, इसके बदले में एक लाख रुपये देने होंगे। इस मामले की शिकायत दीपक ने सीबीआई से की। सीबीआई ने मंगलवार को जाल बिछाते हुए दीपक को 20 हजार रुपये देकर प्राइवेट व्यक्ति प्रमोद के पास भेजा। प्रमोद रिश्वत की धनराशि बैंक मैनेजर गौरव गुप्ता को दे दी। इसी दौरान सीबीआई ने रिश्वत की रकम के साथ दोनों को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को सीबीआई ने पकड़े गए दोनों आरोपियों को विशेष सीबीआई कोर्ट में पेश किया।