साहिबाबाद। शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र के राजीव नगर कालोनी में मंगलवार को मकान से छापा मारकर पुलिस ने मांझा बरामद किया है। पीपुल फॉर एनमिल टीम के लोग ग्राहक बनकर मकान में पहुंचे थे। पुलिस ने गोदाम से 207 चकरी बरामद हुई हैं। एक महिला को गिरफ्तार कर पुलिस उसके पति और मांझा दिलाने वाले को तलाश रही है।
पीएफए के सदस्य गौरव गुप्ता ने बताया कि दिल्ली जाफराबाद का रहने वाला शकील खान जानलेवा मांझे का व्यापार करता है। शकील से संपर्क कर उससे ग्राहक बनकर बात की जिसमें मांझा उपलब्ध कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करने की योजना थी। उसने कहा कि दिल्ली पुलिस की सख्ती की वजह से कहीं भी मांझा नहीं मिलता लेकिन गाजियाबाद की राजीव नगर कालोनी में तुफैल नामक व्यक्ति जिसके गोदाम में यह मांझा भारी मात्रा में रखा है वह उचित दाम में बिक्री के लिए दे सकता है। गौरव ने उसका पता लेकर तुफैल से सौदा तय किया। मंगलवार को पुलिस के साथ संयुक्त टीम ने छापे की कार्रवाई की। जहां से भारी मात्रा में मांझा बरामद हुआ। मौके से पुलिस ने महिला को भी हिरासत में ले लिया और थाने लाकर पूछताछ की। उसने अपना नाम साइस्ता बताया। छापे के दौरान वह दुकान में बैठी थी जबकि उसका पति तुफैल माल लाता और ले जाता था। गौरव की शिकायत पर शालीमार गार्डन थाने में साइस्ता, पति तुफैल और मध्यस्ता करने वाले शकील खान के खिलाफ मुकदमा कराया है।
15 अगस्त की तैयारियों के लिए जमा कर रहे थे मांझा :
पूछताछ में साइस्ता का कहना था कि रक्षाबंधन और उससे पहले 15 अगस्त पर बेचने के लिए मात्रा दिल्ली से लाकर जमा कर रहे थे। दंपती स्टॉक किए मांझे को डेढ़ सौ से दो सौ रुपये में बेच रहे थे। पुलिस का कहना है कि मांझे से कई पक्षी और दो पहिया सवार लोग घायल हो चुके हैं। ऐसे में यह मांझा प्रतिबंध है।
एसीपी शालीमार गार्डन सूर्यबली मौर्य का कहना है कि महिला से पूछताछ के बाद उसके पति और तीसरे युवक को तलाश रहे हैं। गोदाम से 207 मांझा और चरखी बरामद हुई है।