अगले तीन दिन तक कैश की किल्लत रहेगी। बैंक तीन दिन तक बंद रहेंगे। मंगलवार को जब बैंक खुलेंगे तभी सुचारु रूप से कार्य शुरू हो पाएगा। उधर, नोटबंदी के बाद से एटीएम की व्यवस्था सुधरी नहीं है। शहर के अधिकांश एटीएम अभी भी शुरू नहीं हो पाए हैं।
बैंकों के बंद होने से लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। शनिवार को माह का दूसरा सप्ताह होने की वजह से बैंक बंद रहेंगे। लोगों को कैश की दिक्कत न हो इसलिए कुछ एटीएम में कैश डलवा दिए गए थे, लेकिन होली में लोगों की जरूरतों के हिसाब से यह नाकाफी है। शुक्रवार देर शाम तक अधिकतर एटीएम खाली हो गए।
रेलवे स्टेशन के पास स्थित कई बैंकों के एटीएम में कैश मिल रहा था। यहां पर लोगों ने लाइन में लगकर कैश निकाला। दूसरी ओर शहर के एटीएम तो खाली ही हैं। मालीवाड़ा स्थित एचडीएफसी, आईसीआईसीआई, धनलक्ष्मी बैंक, यस बैंक आदि के एटीएम बंद ही पड़े रहे। वहीं लोगों के पास कैश न होने पर होली का रंग भी फीका ही रहेगा।
ज्यादातर खरीददारी कैश में होती है। यदि लोगों के पास कैश ही नहीं होगा तो वह त्योहार कैसे मनाएंगे।