गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन में विला और प्लॉट दिलाने के नाम पर 1.13 करोड़ की ठगी का मामला सामने आया है। चार लोगों ने दिल्ली पटपड़ गंज निवासी सन्नी मिगलानी के खिलाफ नंदग्राम थाने में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि रकम लौटाने की मांग करने पर आरोपी आत्महत्या की धमकी देता है।
लोहिया नगर के गौरव दीक्षित का कहना है कि उन्होंने 32 लाख रुपये, मोरटा के अंकुर त्यागी ने पांच लाख रुपये, बड़ौत निवासी सुशील मलिक ने 33.50 लाख रुपये और मोरटा निवासी मोहित त्यागी ने 42.22 लाख रुपये सन्नी मिगलानी को दिए थे। वह अप्रैल 2023 में राजनगर एक्सटेंशन के लक्ष्मी विला प्रोजेक्ट की साइट पर मिला था। जून में उनकी रजिस्ट्री होनी थी। 14 जून को वह साइट पर पहुंचे तो पता चला कि सन्नी नौकरी छोड़कर चला गया है। उन्होंने बुकिंग की रसीद दिखाई तो साइट पर मौजूद कंपनी के पदाधिकारियों ने कहा कि उनकी बुकिंग यहां पर नहीं है। इसके बाद उन्होंने सन्नी से रुपये लौटाने को कहा तो उसने ऑडियो और वीडियो संदेश भेजकर कहा कि रुपये मांगे तो वह आत्महत्या कर लेगा। इसका इल्जाम उनके सिर पर आएगा। अब उन्होंने नंदग्राम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसीपी नंदग्राम का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।