मसूरी/गाजियाबाद। नंदग्राम और वेव सिटी क्षेत्र में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत के मामलों में पुलिस ने पीड़ित परिवारों की शिकायत पर केस दर्ज किया है। वेव सिटी क्षेत्र में 13 अगस्त को ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर हादसा हुआ था, जबकि नंदग्राम क्षेत्र में दो जुलाई को मोरटी मोड़ के पास दुर्घटना हुई थी। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।
मधुबन बापूधाम क्षेत्र के संजयनगर जागृति विहार निवासी देव कुमार मिश्रा ने वेव सिटी थाने में केस दर्ज कराया है। उन्होंने बताया कि उनके साले मोहित पांडेय निवासी गोंडा 12 अगस्त को मालवाहक वाहन से शाहजहांपुर से माल लेकर आजादपुर मंडी, दिल्ली जा रहे थे। 13 अगस्त की तड़के करीब चार बजे डासना के पास ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर केएमपी फ्लाईओवर के नीचे पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनके वाहन में टक्कर मार दी। इससे मोहित का वाहन अनियंत्रित होकर आगे चल रहे वाहन से जा टकराया।
हादसे में वाहन क्षतिग्रस्त होने के कारण मोहित उसमें फंस गए। पुलिस ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
दूसरा हादसा दो जुलाई की रात नंदग्राम क्षेत्र में मोरटी मोड़ के पास हुआ था। मोरटी निवासी रितेश कामत ने केस दर्ज कराया है। उन्होंने बताया कि वह दो जुलाई की रात अपने पिता रमेश कुमार कामत को राजनगर से ड्यूटी के बाद बाइक से घर ले जा रहे थे। मोरटी मोड़ के पास एक कार चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
लोगों ने दोनों को मरियम अस्पताल में भर्ती कराया। गंभीर हालत में रमेश तीन दिन अस्पताल में भर्ती रहे, जिसके बाद उन्हें दिल्ली के जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां आठ जुलाई को उनकी मौत हो गई।