मोदीनगर। भोजपुर स्थित किल्हौड़ा रजवाहे के निकट अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई बाइक सवार युवक की मौत के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। जनपद मेरठ के परतापुर स्थित गांव इटायरा के अमजद की शिकायत के अनुसार उनका भाई फिरोज बीती नौ अगस्त को बाइक से बहन के यहां भोजपुर के गांव अमीपुर नंगाैला आया था। शाम को लौटते समय जैसे ही वह किल्हौड़ा रजवाहे की समीप पहुंचा तभी अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक क्षतिग्रस्त हो गई थी और फिरोज गंभीर रूप से घायल हो गया था। फिरोज को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी मौत हो गई। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज आदि के माध्यम से आरोपी वाहन की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।