गाजियाबाद। प्रताप विहार फ्लाईओवर से कूदकर जान देने वाली नर्सिंग छात्रा शिवानी के पिता ने बेटी के दो दोस्तों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए विजयनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस को छात्रा के मोबाइल फोन से दोनों के खिलाफ अहम जानकारी मिली है।
कार्यवाहक एसीपी नगर कोतवाली जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि आरोपी सूरज से छात्रा की तीन साल से दोस्ती थी और दोनों शादी करने वाले थे। छात्रा ने फ्लाईओवर से कूदने से पहले भी सूरज से मोबाइल फोन पर बात की थी, उसके बाद सूरज ने फोन उठाना बंद कर दिया। इसके बाद छात्रा ने उसके दोस्त गौरव को कॉल कर आत्महत्या करने की बात कही थी। पिता ने सूरज और गौरव को नामजद और अन्य अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
पीड़ित पिता के मुताबिक शिवानी श्री कांशीराम यूनिवर्सिटी कासना में बीएससी प्रथम सेमेस्टर की छात्रा थी। 30 सितंबर सुबह करीब 10 बजे वह कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी। करीब 11 बजे सूरज ने पिता को फोन कर बताया कि शिवानी उसके पास आई थी। कुछ देर बाद उसके वहां से चले जाने की बात कहकर फोन काट दिया। दोबारा संपर्क करने पर फोन रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद शिवानी ने फ्लाईओवर से कूदकर आत्महत्या कर ली। पिता ने अस्पताल, कॉलेज और घर के रास्ते की सीसीटीवी जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
फ्लाईओवर पर पांच मिनट तक किया इंतजार
एसीपी ने बताया कि मौके पर मौजूद पांच प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए गए हैं। युवती पैदल ही फ्लाईओवर तक पहुंची, मोबाइल फोन पर बात करती रही और करीब पांच मिनट तक टहलती रही, मानो किसी का इंतजार कर रही हो, फिर छलांग लगा दी।
मोबाइल फोन की कॉल और चैट से खुले राज
पुलिस ने छात्रा के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और व्हाट्सएप चैट से कई तथ्य खंगाले हैं। युवती सूरज से शादी करना चाहती थी, जबकि आरोपी उसे बरगलाने की कोशिश करता रहा। दोनों में विवाद भी हुआ था।