खोड़ा। लेबर चौक स्थित ग्रीन इंडिया पैलेस में इंडस्टि्रल सिक्युरिटी मैनेजमेंट सर्विस के सुपरवाइजर विपिन कुमार श्रीवास्तव पर सुरक्षा एजेंसी का 81.96 लाख रुपये गबन करने का मुकदमा दर्ज हुआ है। एजेंसी के संचालक ने पुलिस आयुक्त को लिखित शिकायत दी थी। प्रारंभिक जांच के बाद खोड़ा पुलिस ने विभिन्न धाराओं में शनिवार को मुकदमा दर्ज किया। आरोपी रकम गबन कर परिवार समेत घर से भाग गया है।
एजेंसी के संचालक कौशल कुमार त्रिपाठी ने बताया कि खोड़ा के वंदना एंक्लेव में रहने वाला विपिन कुमार श्रीवास्तव पिछले 17 साल से एजेंसी में काम कर रहा था। वह फील्ड में ड्यूटी के प्रबंधन और गार्डों को एडवांस भुगतान का काम देखता था। आरोप है कि विपिन ने चार साल से कंपनी से कर्मचारियों के चेक बनवाकर इनकी रकम खाते में ट्रांसफर करा लेता था। इतना ही नहीं, उसने कुछ सुरक्षा गार्डों को एडवांस सैलरी बांटने के बहाने भी रुपये अपने खाते में जमा करा लिए। बीते दिनों एजेंसी में ऑडिट हुआ तो लाखों रुपये गबन के बारे में पता चला।
जांच में आया कि एजेंसी से 80 से 90 लाख रुपये की धोखाधड़ी हुई है। उन्होंने फील्ड अफसर विपिन से जब रकम के बारे में पूछा तो वह बातों को छिपाने लगा। कई बार उससे खाते की डिटेल दिखाने के लिए कहा लेकिन वह घर का ताला लगाकर परिवार समेत भाग गया है। अब उसका कहीं कुछ पता नहीं चल रहा है। उन्होंने पुलिस आयुक्त को शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई थी। अधिकारियों ने मामले की एंटी फ्रॉड सेल से जांच और मामले में विधिक जानकारी लेने के बाद कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।
एसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़ित से लेनदेन के दस्तावेज लेकर जांच की जाएगी। जल्द ही जांच रिपोर्ट के आधार पर आरोपी विपिन को ट्रेस कर गिरफ्तार किया जाएगा।