मोदीनगर। देवेन्द्रपुरी स्थित न्यू कॉलोनी में मकान कब्जाने का विरोध करने पर आरोपियों ने युवक सोनू पर सरिया और डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। घायल सोनू को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज की है।
न्यू कॉलोनी के रहने वाले सोनू ने बताया कि पड़ोसी उनके मकान पर कब्जा करना चाहते हैं। इस बात को लेकर पड़ोसी और उसका परिवार सोनू से रंजिश रखता है। रंजिश में आरोपियाें ने चार दिन पूर्व सोनू से गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी थी। आरोप है कि रविवार रात करीब दस बजे आरोपी सुनील उर्फ बिल्लू ने अपने परिवार व रिश्तेदारों के साथ मिलकर सोनू पर सरिया और डंडों से जानलेवा हमला बोल दिया। आरोपियों ने सोनू को बेरहमी से पीटकर घायल कर दिया। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि तहरीर के अनुसार सुनील उर्फ बिल्लू, छाया, चिराग और सुरेन्द्र निवासी न्यू कॉलोनी देवेन्द्रपुरी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।