लोनी। बादशाहपुर सिरौली निवासी इंद्रपाल ने गांव के ही सहारनपुर जीआरपी में तैनात हेड कांस्टेबल सुभाष समेत पांच लोगों पर मारपीट करने की प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोप है कि हेड कांस्टेबल अपने अन्य परिजन के साथ घर में घुसे और मारपीट की। मामला 13 मई का है और पुलिस ने करीब डेढ़ माह बाद 22 जून की रात शिकायत दर्ज कर जांच शुरू की है।
दर्ज मामले में इंद्रपाल ने बताया कि बादशाहपुर सिरौली गांव में वह परिवार के साथ रहते हैं। 13 मई को उनकी पत्नी मुकेशवती निजी काम से जा रही थीं। इस दौरान हेड कांस्टेबल सुभाष अपने बेटे गौरव, भाई सुंदर व पांच अन्य परिजन के साथ गली में खड़े थे। आरोप है कि सुभाष व उसके साथियों ने शराब के नशे में उनकी पत्नी से गाली गलौज की। कुछ देर बाद सभी आरोपी जबरन घर में लाठी-डंडे लेकर घुसे और परिवार वालों से मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित ने बताया कि घर में मौजूद तीन महिलाएं घायल हो गईं। सूचना पर वह भी घर पहुंचे और तुरंत घायलों को पास के ही अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की। काफी दिन तक पुलिस टालमटोल करती रही, लेकिन उच्चाधिकारियों से शिकायत करने पर मामला दर्ज किया। एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि मामला दर्ज करने में किस स्तर से देरी हुई इसकी जांच की जा रही है। पुलिसकर्मियों की लापरवाही मिलती है तो रिपोर्ट बनाकर उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी।