मोदीनगर। कलछीना मार्ग स्थित गांव सीकरी खुर्द में निर्माणाधीन गोदाम का लिंटर डालते समय शटरिंग गिरने से मलबे में दबकर हुई ठेकेदार गौरीशंकर उर्फ छोटू की मौत के मामले में पुलिस ने गोदाम मालिक पिता सत्ते और पुत्र प्रिंस के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपी मानकों के विपरीत बनाए जा रहे गोदाम में मनमानी कर बिना जैक सपोर्ट के जबरन लिंटर डलवा रहे थे। हादसे में घायल अन्य श्रमिकों की हालत में सुधार है।
गांव सीकरी खुर्द निवासी सत्ते सिंह और प्रिंस कलछीना मार्ग पर भूसे का गोदाम निर्माण करा रहें हैं। गोदाम में शटरिंग का काम पूरा होने के बाद शनिवार को लिंटर डाला रहा था। लिंटर डालते समय करीब 9 बजे शटरिंग में लगी बल्ली टूट गई थी इसके कारण शटरिंग और सरियें का जाल आदि भरभराकर गिर गया था।
मलबे में नौ श्रमिक दब गए थे। पुलिस, दकमल, एनडीआरएफ,एसडीआरएफ और नगर पालिका की टीम ने राहत बचाव कार्य शुरू कर मलबे में दबे श्रमिकों को बाहर निकाला था। मलबे में दबने से 31 वर्षीय शटरिंग ठेकेदार गौरीशंकर उर्फ छोटू निवासी फरीदनगर भोजपुर की मौत हो गई थी। जबकि निर्माण कार्य के ठेकेदार पप्पू समेत आठ श्रमिक घायल हो गए थे।। मृतक शटरिंग ठेकेदार गौरी शंकर के पिता कैलाश ने सत्ते सिंह और प्रिंस के खिलाफ मानकों के विपरीत बनाए जा रहे गोदाम में मनमानी और दबाव देकर जबरन लिंटर डलवाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। एसीपी मोदीनगर सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि तहरीर के अनुसार सत्ते सिंह और प्रिंस के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियाें की तलाश शुरू कर दी है।