लोनी। ऑटो चालक आफताब हत्याकांड के बाद गढ़ी सबलू अंडरपास के नजदीक जाम लगाने वाले परिजन समेत 35 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। इसमें स्थानीय सभासद आदर्श प्रधान भी शामिल हैं। जाम लगाने के दौरान थानाप्रभारी का लोगों के साथ अभद्रभाषा का इस्तेमाल करने की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुई।
एसीपी अंकुर विहार अमरदीप मौर्य ने बताया कि गढ़ी सबलू अंडरपास के पास कुछ लोगों ने जाम लगाकर आमजन का रास्ता रोका था। पुलिस ने स्थानीय सभासद आदर्श कुमार, हिमांशु, शाहरूख, अब्दुल व मुस्तफा समेत 30 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। एसीपी ने बताया कि आजाद एंक्लेव कॉलोनी निवासी आफताब की मंगलवार रात विजय विहार कॉलोनी में नदीम ने साथियों के साथ मिलकर चाकू मारकर हत्या कर दी थी। कॉलोनी के लोग वार्ड नंबर एक के सभासद आदर्श कुमार के साथ बुधवार दोपहर युवक की हत्या के विरोध में गढ़ी कटैया अंडरपास के पास रोड पर जाम लगाने पहुंचे। पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर हटाने का प्रयास किया था। आरोप है कि पुलिस के समझाने के बावजूद लोगों ने अंडरपास के दोनों ओर रोड जाम कर दिया। इसके चलते लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा और अन्य थानों से पुलिस बल बुलाकर उच्चाधिकारियों के आश्वासन पर जाम खुलवाया गया था। अब पुलिस ने 35 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना प्रभारी का अभद्रता का वीडियो वायरल
लोगों के सड़क पर प्रदर्शन के दौरान अंकुर विहार थाना प्रभारी योगेंद्र पवार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसमें थाना प्रभारी लोगों के साथ अभद्रता भाषा का इस्तेमाल करते हुए नजर आ रहे है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हुआ। मामले में पुलिस अधिकारियों ने जांच करने की बात कही है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी इस तरह की किसी वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।