इंदिरापुरम। थानाक्षेत्र स्थित राजहंस सोसायटी में काम करने वाली घरेलू सहायिका से कार्यालय में बुलाकर मारपीट व छेड़छाड़ और धमकाने के आरोप के मामले में पुलिस ने आरडब्ल्यूए के महासचिव सतीश समेत सोसायटी निवासी महिला सताक्षी और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता ने 22 फरवरी को इंदिरापुरम थाने में तीनों के खिलाफ तहरीर दी थी। पुलिस ने सात दिन बाद मामले में मुकदमा दर्ज किया है।
घरेलू सहायिका ने बताया कि वह सोसायटी के कई घरों में खाना बनाने का काम करती हैं। 22 फरवरी की सुबह करीब 11 बजे उन्हें आरडब्ल्यूए कार्यालय में बुलाया गया था। यहां आरडब्ल्यूए पदाधिकारी सतीश और सोसायटी की ही रहने वाली सताक्षी व एक अन्य व्यक्ति पहले से मौजूद थे। वहां पहुंचने पर तीनों ने उनसे मारपीट की व छेड़छाड़ भी की गई। आरोप यह भी है कि तीनों ने उन्हें जातिसूचक शब्द कहते हुए धमकी भी दी। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि दो लोगों को नामजद व एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आगे की जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
यह रहा विवाद का मुद्दा
घरेलू सहायिका ने बताया कि उनके बहनोई डिलीवरी बॉय का काम करते हैं। झगड़े से करीब दो-तीन दिन पहले देर रात उनका बहनोई आरोपी महिला के घर पार्सल डिलीवरी करने पहुंचा था। इस पर महिला ने बहनोई से आपत्तिजनक बातें कही थीं। बहनोई ने घर पहुंचकर यह बात उन्हें बताई और उन्होंने अगले दिन अपनी मालकिन को यह मामला बताया। इस पर उनकी मालकिन ने आरडब्ल्यूए से इस बारे में बातचीत की थी। इस बात से नाराज महिला ने उन्हें बुलाकर अभद्रता करते हुए धमकी दी।