शालीमार गार्डन में रविवार को आरडब्ल्यूए फेडरेशन गाजियाबाद की ओर से रविवार को नौवां कार फ्री-डे मनाया गया। इस दौरान आरडब्ल्यूए ने दुकानदारों और लोगों से अतिक्रमण नहीं करने की अपील की। आरडब्ल्यूए ने दुकानदाराें को अतिक्रमण से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक भी किया।
कार फ्री-डे के संयोजक पराग चौधरी ने बताया कि क्षेत्र में अतिक्रमण बढ़ता जा रहा है। अतिक्रमण से सड़कें सिकुड़ गईं हैं। साथ ही जाम की समस्या भी बढ़ती जा रही है। अतिक्रमण होने से ग्राहकों को वाहन पार्किंग में परेशानी होती है। ऐसे में लोग कालोनियों की दुकानों से सामान न खरीद कर मॉल का रुख कर रहें हैं, जिससे दुकानदारों को ही नुकसान पहुंच रहा है।
उन्होंने बताया कि दुकानदारों को अतिक्रमण से होने वाले नुकसान के बारे में बताया गया तो कुछ दुकानदारों ने खुद ही सड़कों के किनारे रखा अपना सामान हटा लिया।फेडरेशन के मोहन नगर जोन के वाइस चेयरमैन जीएस सिद्धू ने बताया कि अतिक्रमण को लेकर नगर निगम और पुलिस से शिकायत की जाएगी।
इस मौके पर पवन कौशिक, आरबी सिंह, तिलक राज, वीएन वैद, राजेश्वर त्यागी, आरएस जौहरी, डीएम तिवारी, विनोद धर, अन्नु चौधरी के अलावा अन्य लोग मौजूद रहे।
शिप्रा सनसिटी में एसएसपी ने किया फ्लैग मार्च
शिप्रा सनसिटी सोसायटी में सोमवार को एसएसपी ने रेजिडेंट्स के साथ मिलकर फ्लैग मार्च किया। साथ ही सोसायटी में हुए अतिक्रमण को भी हटाया गया। रेजिडेंट्स का कहना है कि जल्द ही वे एसएसपी से मिलेंगे और सोसायटी के अन्य मुद्दों से अवगत कराएंगे। इसके साथ ही सोसायटी में दोबारा निरीक्षण का भी आग्रह करेंगे।