गाजियाबाद/डासना। वेव सिटी थाना क्षेत्र में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर बम्हेटा के सामने रविवार सुबह एक कार रोडवेज बस से टकराकर अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। हादसे में कार सवार पांच लोग घायल हो गए। इनकी पहचान मुजफ्फरनगर के दधेडू निवासी आतिफ, बागोवाली नई मंडी निवासी समीर, खुशहाल व अमजद, सैंद-नंगली निवासी आसिफ के रूप में हुई। सभी लोग मुजफ्फरनगर से दिल्ली एयरपोर्ट जा रहे थे।
एसीपी सलोनी अग्रवाल ने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को निकट के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से तीन को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसा रोडवेज बस को ओवरटेक करने के चक्कर में हुआ। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर जाम जैसी स्थिति बन गई थी। कार को डिवाइडर से उतरवाकर एक तरफ कराया गया। अभी मामले में कोई शिकायत पुलिस को नहीं मिली है।
एक्सप्रेसवे पर लगी वाहनों की कतार
हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर दिल्ली जाने वाली साइड में करीब आधे घंटे तक जाम की स्थिति बन गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन से दुर्घटनाग्रस्त कार को डिवाइडर से हटाकर बाहर किया। करीब सवा नौ बजे के बाद रोड पर यातायात सामान्य हो गया।