मोदीनगर। नगर की एक कॉलोनी निवासी युवती ने सहकर्मी पर प्रेमजाल में फंसाने के बाद शादी का झांसा देकर सात साल तक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। आरोपी ने शादी की जिद करने पर युवती और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। युवती ने आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है।
नगर की एक कॉलोनी निवासी युवती ने बताया कि वर्ष 2016 में नोएडा में नौकरी करने के दौरान बिहार निवासी एक सहकर्मी से दोस्ती हो गई। आरोप है कि सहकर्मी ने उसे प्रेमजाल में फंसा लिया और शादी का झांसा देकर संबंध बनाए। आरोपी सात साल तक लगातार युवती का शोषण करता रहा। शादी की बात करने पर टाल देता। कुछ दिन बाद आरोपी नोएडा से नौकरी छोड़कर गुरुग्राम चला गया और शादी का झूठा आश्वासन देता रहा। युवती ने शादी का दबाव बनाया तो आरोपी ने उसके माता पिता से बात करने की बात कही। युवती के परिजनों ने आरोपी के माता पिता से संपर्क किया तो उन्होंने युवक का रिश्ता कहीं और तय होने की जानकारी दी। आरोपी युवक के चाचा ने भी युवती को हत्या करने की धमकी दी। कार्यवाहक एसीपी ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।