गाजियाबाद। मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह तेज रफ्तार कार डंपर से टकरा गई। टकराने के बाद अनियंत्रित कार में पीछे से जा रहे कैंटर ने जोरदार टक्कर मारकर पलट गया। हादसे में कार चालक अनस (24) निवासी काकर सराय अमरोहा और कार में सवार उनेश (10) पुत्र रहमान निवासी नूरपुर बिजनौर और आजम (13) पुत्र अशरफ निवासी मढ़न असमोली जनपद संभल की मृत्यु हो गई। नौ बच्चों का अलग-अलग अस्पताल में इलाज चल रहा है।
शनिवार को दिल्ली के जामिया में कक्षा छह में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा थी। परीक्षा देने के लिए अमरोहा से 11 बच्चे कार से परीक्षा देने जा रहे थे। सुबह करीब सवा छह बजे जब कार मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर क्राॅसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र के लालकुआं के निकट नीलम धर्मकांटा के पास पहुंची थी तभी कैंटर को ओवरटेक करके आगे निकलने के चक्कर में साइड में खड़े एमसीडी के डंपर में कार जा घुसी। कार के अनियंत्रित होते ही पीछे से आ रहा कैंटर कार से टकरा गया। इससे कार के परखचे उड़ गए। टक्कर के बाद कैंटर अनियंत्रित हो गया और सड़क पर ही पलट गया। दुर्घटना के बाद कैंटर और डंपर चालक मौके से फरार हो गए। मौके पर पुलिस के साथ ही एनएचएआई की एंबुलेंस पहुंची। घायलों को अस्पताल ले जाया गया। दुर्घटना के बाद दिल्ली जाने वाली लेन पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई।
घायलों के नाम
विजय (12) पुत्र अरविंद निवासी हसनपुर, जनपद अमरोहा, उवेश (13) पुत्र बबलू अहमद निवासी बीबीपुर छजलेटा मुरादाबाद, आरिश (13) पुत्र फहीमुद्दीन निवासी तेलीपुरा अमरोहा, रिहान (12) पुत्र इस्लाम निवासी निजामपुर अमरोहा, जियान (10) पुत्र आलिमसार निवासी राय थाना असमोली जनपद संभल, मोहम्मद दानियाल (10) पुत्र इंतजार अहमद निवासी गुडलिया मूसाझाग जनद बदायूं, कौशलेंद्र (12) पुत्र धन सिंह निवासी सिकरोली मिलक थाना हसनपुर अमरोहा, अर्श (12) पुत्र मोहम्मद हसन निवासी संभल, फैजान (13) पुत्र साबिर निवासी असमोली संभल।
-
एसीपी पूनम मिश्रा ने बताया कि जामिया दिल्ली में कक्षा छह की प्रवेश परीक्षा में भाग लेने जा रहे बच्चे हादसे में घायल हो गए हैं। एक बच्चे और कार चालक की मृत्यु हो गई है। दो बच्चों को मामूली चोट थी, जिन्हें उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। अन्य बच्चों का इलाज चल रहा है। परिजनों को सूचित कर दिया गया है। टैंकर और कैंटर को कब्जे में ले लिया गया है। घटना की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज निकलवाई जा रही है।