मोदीनगर। दिल्ली-मेरठ मार्ग पर महेंद्रपुरी गेट के समीप निर्माणाधीन रैपिड रेल स्टेशन के नीचे रविवार दोपहर एक तेज रफ्तार कार ने बाइक और एक अन्य कार में टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद बेकाबू कार उछलकर डिवाइडर चढ़ गई। गनीमत रही कि कार के एयरबैग खुल गए, जिससे कार सवारों की जान बच गई। हादसे में बाइक सवार और अन्य कार सवार मामूली रूप से घायल हो गए। घटना के बाद दिल्ली-मेरठ मार्ग पर दोनों साइड में जाम लग गया। रविवार दोपहर एक तेज रफ्तार कार गोविंदपुरी से गाजियाबाद की तरफ जा रही थी। जैसे ही वह निर्माणाधीन रैपिड रेल स्टेशन के समीप पहुंची तो सामने से एक बाइक सवार आ गया। कार बाइक से टकराने के बाद आगे चल रही कार से जा टकराई। जोरदार टक्कर लगने के कारण आगे चल रही कार विपरीत दिशा में घूम गई। बाइक सवार सौ मीटर से अधिक घिसटता चला गया। वहीं, रविवार को अवकाश के दिन परिवार के साथ छुट्टी मनाने निकले लोगों को जाम के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। एसीपी ज्ञानप्रकाश राय ने बताया कि अभी किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।