फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghaziabad News: ओवरटेक करने के चक्कर में कैंटर ने बाइक सवार मां-बेटे को कुचला

विज्ञापन
विज्ञापन
मोदीनगर। गंगनहर पटरी पर पैंगा गांव के पास रविवार सुबह दूसरे वाहन को ओवरटेक करने के चक्कर में कैंटर ने बाइक सवार मां-बेटे अमिता (48) व रितिक (22) निवासी गांव बसंतपुर सैंथली को कुचल दिया। हादसे में मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। रितिक दुहाई स्थित आरडी इंजीनियरिंग कॉलेज में बीटेक फाइनल का छात्र था। वह मां के साथ बहन की दवाई लेने मेरठ जा रहा था।वहीं, हादसे के बाद चालक कैंटर को मौके पर छोड़कर भाग गया, जिससे गंगनहर पटरी पर जाम लग गया।
विज्ञापन

मुरादनगर के बसंतपुर सैंथली गांव निवासी किसान राजपाल त्यागी ने बताया कि उनकी बेटी काफी समय से बीमार चल रही है। उसका उपचार मेरठ के एक वैद्य के पास चल रहा है। रविवार सुबह करीब आठ बजे उनकी पत्नी अमिता और बेटा रितिक बाइक से बेटी की दवाई लेने मेरठ जा रहे थे। गंगनहर पटरी मार्ग पर पैंगा गांव के पास पहुंचे तो पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने एक अन्य वाहन को ओवरटेक करने के चक्कर में बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार मां-बेटा उछलकर कैंटर के पहिए के नीचे आ गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को मुरादनगर के सरकारी अस्पताल में ले गए, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। एसीपी ज्ञान प्रकाश का कहना है कि हादसे की सूचना पर निवाड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और कैंटर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
विज्ञापन

-

रितिक का अच्छी कंपनी में हो गया था प्लेसमेंट

राजपाल त्यागी ने बताया कि बेटा बीटेक अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। उसका प्लेसमेंट भी अच्छी कंपनी में हो गया था। बेटे की नौकरी लगने पर घर में खुशियां आने वाली थीं, लेकिन हादसे ने झकझोर के रख दिया। उनकी पत्नी अमिता अपनी बीमार बेटी की देखभाल करती थी, बेटी चल फिर नहीं सकती, चारपाई पर ही रहती है। मां-बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।


हादसे के बाद गंगनहर पटरी पर लगा जाम

रविवार सुबह गंगनहर पटरी पर हादसे के बाद मार्ग पर जाम लग गया। हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और कैंटर भी आगे से क्षतिग्रस्त होकर बीच सड़क पर खड़ा हो गया। इसके बाद चालक कैंटर को मौके पर छोड़कर फरार हो गया, जिससे मार्ग पर जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने कैंटर को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें