मसूरी। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार देर रात दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे अंडरपास के पास दादरी से बागपत जा रहा कैंटर खड़े ट्रक से जा टकराया। हादसे में औरैया निवासी कैंटर चालक विकास और बागपत के नासिर सलमानी गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दोनों ने दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार, नासिर दादरी से लिफ्ट लेकर कैंटर में बैठे थे। पुलिस के अनुसार, घटना दुहाई की ओर जाने वाली साइड में हुई। हादसे में कैंटर के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दोनों व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।
मसूरी के कार्यवाहक एसीपी भास्कर वर्मा ने बताया कि मृतकों की पहचान चालक विकास (20) निवासी औरैया व नासिर सलमानी निवासी बागपत के रूप में हुई है। घटना के संबंध में परिजनों को सूचित कर दिया गया है। विकास के बड़े भाई विशाल ने बताया कि एक वर्ष पूर्व ही छोटे भाई की शादी हुई थी। उसकी पत्नी नाै माह की गर्भवती है।