मुरादनगर। कॉल कर घर से बुलाकर दसवीं की छात्रा के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। परिजन कांवड़ लेने हरिद्वार गए थे। उनके आने पर छात्रा ने आप बीती बताई। परिजन पीड़िता को लेकर रावली चौकी पहुंचे तो उन्हें भगा दिया गया। परिवार ने पुलिस आयुक्त से इंसाफ की गुहार लगाई है।
थानाक्षेत्र के गांव निवासी 16 वर्षीय किशोरी दसवीं की छात्रा है। छात्रा के परिजन हरिद्वार कांवड़ लेने गए थे। इस बीच छात्रा घर में अकेली थी। परिजन शुक्रवार रात कांवड़ लेकर गांव के मंदिर पहुंचे। परिजनों ने छात्रा को मंदिर में बुलाया तो उसने रोते हुए आने से इन्कार कर दिया। परिजन घर पहुंंचे तो छात्रा से रोने का कारण पूछा। परिजनों को छात्रा ने बताया कि 12 जुलाई की रात गांव निवासी युवक उसे कॉल किया था। युवक ने कहा कि तू मेरे पास आ जा नहीं तो मैं तेरे घर में घुस आऊंगा। आरोपी की धमकी से छात्रा डर गई और युवक के पास चली गई। आरोप है कि छात्रा को बुलाकर युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर मारपीट की। शुक्रवार रात परिजन छात्रा को लेकर रावली चौकी पर पहुंचे। आरोप है कि चौकी पर पुलिस ने समझाकर भगा दिया।
शनिवार सुबह परिजन छात्रा को लेकर गाजियाबाद में पुलिस आयुक्त अजय कुमार मिश्र के पास पहुंचे। इसके बाद पीड़िता के साथ परिजन मुरादनगर थाने पहुंचे। पुलिस मामले की जांच कर रही है, जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।