जनपद गौतमबुद्धनगर के दादरी निवासी 42 वर्षीय पवन कुमार अपनी 38 वर्षीय सुनीता के साथ मंगलवार देर शाम मुरादाबाद में शादी समारोह से वापस लौट रहे थे। उनके साथ सुनीता की रिश्तेदार नीलम निवासी माता कॉलोनी विजयनगर और सुनीता की बहन श्वेता पत्नी दिलीप निवासी पालम दिल्ली भी थी। मंगलवार रात लगभग साढ़े नौ बजे उक्त सभी मुरादाबाद से आने वाली बस से क्रॉसिंग रिपब्लिक थानाक्षेत्र के नेशनल हाईवे नौ पर कमला हॉल के सामने उतरे।
सभी बस से उतरकर हाईवे किनारे खड़े थे। इसी दौरान हापुड़ की ओर से तेज रफ्तार से आ रही बस ने चारों को टक्कर मार दी। वाहन की टक्कर से सभी गंभीर रुप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला एमएमजी अस्पताल और आरती अस्पताल नोएडा में भर्ती कराया। जहां पर चिकित्सकों ने पवन, उनकी पत्नी सुनीता और नीलम को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत में श्वेता को दिल्ली रेफर कर दिया गया। जिसकी हालत गंभीर बताई जा रही हो। श्वेता ने ही पुलिस को बस द्वारा टक्कर मारने की बात कही है। एसीपी वेव सिटी लिपी नागायच ने बताया कि सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।