मसूरी थाना क्षेत्र में एनएच नौ पर दबंगों द्वारा सवारी लेकर जा रही एक प्राइवेट बस पर जानलेवा हमला कर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, इस हमले में बस के कंडक्टर और बस मालिक के दोस्त को गोली लगी है, जिन्हें गम्भीर हालत में दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दिल्ली के न्यू उस्मानपुर जगजीत नगर निवासी पीड़ित बस मालिक मोहम्मद आरिफ पुत्र मोहम्मद अनीस ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह दो टूरिस्ट बसें चलाते हैं, जो दिल्ली पुश्ता से बदायूं के बीच चलती हैं। आरोप है कि अरसलान नाम का व्यक्ति अपने साथियों के साथ मिलकर बस चलाने के एवज में उनसे अवैध वसूली रंगदारी की मांग करता है।
पीड़ित का दावा है कि अरसलान और उसके साथी दिल्ली में वासिद गैंग के लिए काम करते हैं। पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, 28 सितम्बर की रात करीब 10 बजे पीड़ित की बस (संख्या UP 15 एफटी 0038) को ड्राइवर शरीफुद्दीन, कंडक्टर तालिब और पीड़ित का दोस्त कमरूद्दीन अंसारी दिल्ली उस्मानपुर पुश्ता से बदायूं के लिए लेकर निकले थे।
जैसे ही बस गाजियाबाद में रात्री करीब पौने 12 बजे एनएच नौ पर लालकुंआ से आगे हापुड़ की तरफ बढ़ी, जब उनकी बस हाइटेक कॉलेज के सामने पहुंची तो बस का पीछा करते आये स्कूटी सवार आरोपी अरसलान ने अपने साथी के साथ मिलकर बस चालक शरीफुद्दीन व कन्डक्टर तालिब हुसैन पर जान से मारने की नियत से गोलियां चला दीं।
अचानक हुई इस फायरिंग में कंडक्टर तालिब हुसैन 25 पुत्र अब्दुल हुसैन और बस मालिक के दोस्त कमरूद्दीन अंसारी 42 पुत्र साद अली अंसारी निवासीगण बदायूं को गोली लग गई। तालिब के कन्धे में व कमरूद्दीन की गर्दन में गोली लगने से दोनों को गम्भीर हालत में इलाज के लिए दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है,जहां उनका उपचार चल रहा है। एसीपी मसूरी सुनील कुमार ने बताया कि पीड़ित बस मालिक मौहम्मद आरिफ की शिकायत के आधार पर आरोपी अरसलान व एक अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, सीसीटीवी फुटेज चेक की जा रही है, जांच पड़ताल करके वैधानिक कार्रवाई की जायेगी।