एनएच-24 पर सोमवार रात बस की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उनके पति और दो वर्षीय बच्चा घायल हो गए। टक्कर मारकर आरोपी चालक बस सहित भाग निकला। दंपति दिल्ली से बुलंदशहर जा रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।
बुलंदशहर के सिहाना निवासी पवन कुमार पत्नी गायत्री (22) और दो वर्षीय बेटे के साथ सोमवार को बाइक से दिल्ली आए थे। वह रात करीब आठ बजे वापस बुलंदशहर जा रहे थे। इसी दौरान एनएच-24 पर खोड़ा पुलिया के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में गायत्री को सिर पर गंभीर चोट आयी, जबकि पवन ने हेलमेट पहन रखा था, इस कारण उन्हें ज्यादा चोट नहीं लगी। उनके बेटे को भी मामूली चोट आयी है। सूचना पर पहुंची पुलिस तीनों को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
यूपी गेट चौकी प्रभारी अंजनी कुमार ने बताया कि हेलमेट की वजह से पवन की जान बच गई। महिला का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। शिकायत लेकर आरोपी बस चालक की तलाश की जा रही है।