गाजियाबाद। सहालग में कड़क नोट के गड्डियों की मांग बढ़ गई है लेकिन बैंकों से 10 रुपये के नोटों की गड्डी गायब हो गई है। बाजार में एक गड्डी 1600 रुपये तक में मिल रही है। पांच रुपये के नोटों की गड्डी भी नहीं मिल पा रही है। मिल भी रही है तो 800 से 1000 रुपये तक। बैंकों में सिर्फ 20, 50 और 100 रुपये के नोटों की गड्डी ही लोगों को मिल पा रही है। ऐसे में शादी वाले घरों में 20 रुपये की गड्डी से ही मिलाई करने का निर्णय लिया जा रहा है।
इस कालाबाजारी पर जिला प्रशासन और बैंकों का भी कोई ध्यान नहीं है। बैंक चेस्ट में 10 रुपये के नोटों की गड्डी नहीं आने की बात कह उन्हें चलता कर देते हैं। एक हजार रुपये के दस के नोटों की गड्डी लोगों को 1600 रुपये तक में दी जा रही है। घंटाघर मार्केट में नोटों की गड्डी बेचने वाले आकाश ने बताया कि बैंक में कई चक्कर लगाने के बाद उन्हें 10 की गड्डी मिल पा रही है। कई बैंकों में 50 के नोटों की गड्डी की भी कमी है। बाजार में बिक रही मालाओं में भी दस के नोट नहीं दिख रहे हैं।
एक, दो और पांच रुपये के गड्डी की मांग बढ़ी
नोट की गड्डी बेचने वाले ने बताया कि लोग सहालग में और नोटों की माला बनाने वाले एक, दो और पांच रुपये के नोटों की गड्डी की मांग कर रहे हैं। एक तो बहुत ही कम पैमाने पर छोटे नोट बाजार में मौजूद हैं। जिसके पास है वह भी इसको महंगे दामों पर बेच रहा है।
1600 में खरीदी नोट की गड्डी
आंबेडकर रोड निवासी राजीव त्यागी ने बताया कि उनके रिश्तेदारी में शादी के लिए वह बैंक 10 रुपये की गड्डी लेने के लिए गए थे, लेकिन बैंककर्मियों ने बताया कि बैंक में 10 रुपये की गड्डी नहीं है। इसके बाद उन्होंने घंटाघर स्थित बाजार से 10 रुपये के नोट की गड्डी 1600 रुपये में खरीदी।
दिवाली पर नए नोट करेंसी चेस्ट में आए थे, जिसको बैंकों ने बांट दिया है। बैंक की ओर से केवल अपने ग्राहकों को ही नए नोट दिए जाते हैं। ऐसे में यह बाजार में कैसे बिक रही है, इस बात की जानकारी नहीं है। - बुद्धराम, एलडीएम
100 नाेट बाजार मूल्य
एक रुपये 800-1000
दो रुपये 1000-1200
पांच रुपये 1200-1500
10 रुपये 1600
20 रुपये 2400
50 रुपये 5500