विवेक विहार कॉलोनी में अवैध निर्माण ध्वस्त करती जीडीए की टीम । स्रोत: जीडीए
गाजियाबाद। जोन आठ के विवेक विहार और मिथिला कॉलोनी में 70 बीघे में बसाई जा रही अवैध कॉलोनी पर मंगलवार को जीडीए का बुलडोजर चला। कार्रवाई के दौरान अवैध विकासकर्ताओं में अफरा-तफरी का माहौल रहा। स्थानीय स्तर पर विरोध भी किया गया लेकिन पुलिस-प्रशासन की मदद से जीडीए की टीम ने कार्रवाई को अंजाम तक पहुंचाया।
जीडीए सचिव विवेक कुमार मिश्र ने बताया कि शिकायत मिली थी कि जोन आठ में राधा स्वामी सत्संग भवन के सामने चिरौड़ी रोड पर अवैध रूप प्लॉटिंग की जा रही है। बिना जीडीए से मानचित्र स्वीकृत कराए विकासकर्ता प्लॉटिंग कर रहे हैं। मौके पर टीम भेजकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कराया गया। चिरौड़ी रोड पर लगभग 70 बीघा क्षेत्रफल में विकसित की जा रही अनाधिकृत कॉलोनी में लगभग 100 भूखंडों की बाउंड्रीवॉल, विकासकर्ता का साइट ऑफिस व सड़कों आदि पर ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की गई। खास बात यह है कि दोनों सोसायटी जिन लोगों द्वारा विकसित की जा रही थीं उनके पास भूमि का वास्तविक स्वामित्व नहीं पाया गया। जनसामान्य को सूचित किया जाता है कि उपरोक्त दोनों अवैध कॉलोनियों में किसी भी प्रकार की खरीद-फरोख्त एवं भवनों का निर्माण किया जाना प्रतिबंधित है। अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई को और तेज किया जाएगा।
विवेक विहार कॉलोनी में अवैध निर्माण ध्वस्त करती जीडीए की टीम । स्रोत: जीडीए