बुलंदशहर के शिकारपुर में गांवों में सरकार चुनने के लिए ग्रामीणों ने 29 अप्रैल को बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था। इस बार ग्रामीणों ने पढ़े-लिखे प्रत्याशियों को भी गांव में विकास के लिए तवज्जो दी है।सोमवार शाम पांच बजे तक आए चुनाव परिणामों में जिले से सात ब्लॉक में कुल 14 प्रधान ऐसे थे, जिनकी शिक्षा पोस्ट ग्रेजुएट या इससे अधिक थी। प्रधान पद की रेस में जीत हासिल करने के बाद ऐसे प्रधान अब गांवों में भी शहर की तर्ज पर विकास कराने का दावा कर रहे हैं।
गांव नवनिर्वाचित प्रधान ब्लॉक
आलमगीरपुर धनौरा कुसुम लखावटी
जौठ मुनेंद्र लखावटी
सदरपुर सतीश लखावटी
बरकातपुर मीनू गौतम पहासू
जलालपुर करीरा दीपक राजौरा शिकारपुर
खखूड़ा रहमापुर निशा चौधरी शिकारपुर
धनियावली अतुल स्याना
हिसारा श्रीपाल सिंह अरनिया
रायपुर मौज्जमपुर अदिति राणा अरनिया
कलाखुरी प्रियंका देवी अरनिया
राजघाट बांगर ओमवीर डिबाई
चिरौरी ताल्लुका जरगवां राजाराम डिबाई
हरिद्वारपुर अनीता डिबाई
अरनिया मंसूरपुर अतेंद्र सिंह खुर्जा
बोले पोस्ट ग्रेजुएट प्रधान
शिकारपुर विकासखंड के गांव जलालपुर करीरा के नवनिर्वाचित प्रधान दीपक राजौरा ने बताया कि मैने पोस्ट ग्रेजुएट करने के साथ ही राष्ट्रीय स्तर पर कबड्डी खेली है। पढ़ाई और फिर खेल के अनुभव को मिलाकर गांव के युवाओं को खेल की सुविधाओं के साथ गांव में मूलभूत सुविधाओं को बढ़ाना मुख्य उद्देश्य होगा। गांव के बच्चों को अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा की व्यवस्था कराई जाएगी।
गांव खखूड़ा रहमापुर की नवनिर्वाचित प्रधान निशा चौधरी ने बताया कि गांव का कोई भी बच्चा कक्षा आठ तक की शिक्षा के लिए गांव से बाहर न जाए, यह मेरा मकसद रहेगा। अधिकारियों से बात कर स्कूल खुलवाया जाएगा, जिसमें अंग्रेजी माध्यम से भी पढ़ाई कराई जा सके।
गांव राजघाट बांगर के नवनिर्वाचित प्रधान एडवोकेट ओमवीर सिंह ने बताया कि गांव में जो विकास कार्य पूर्व प्रधान और मेरी पत्नी लता ने कराए थे, उन्हें आगे बढ़ाया जाएगा। साथ ही गंगा सफाई के लिए श्रेष्ठ कार्य करने पर प्रदेश सरकार ने जो सम्मान किया था, उसे और बड़े स्तर पर चलाकर गंगा मां को स्वच्छ बनाने के लिए कदम उठाए जाएंगे।
गांव कुमरौआ की नवनिर्वाचित प्रधान ममता ने बताया कि गांव से मेरे पति पवन निवर्तमान प्रधान हैं। उन्होंने जो विकास कराए हैं, उन्हें आगे बढ़ाया जाएगा। साथ ही महिलाओं की सुविधा के लिए स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग के कैंप लगाकर उन्हें योजनाओं के बारे में जागरूक किया जाएगा। गांव में बिना भेदभाव के विकास कार्य कराते हुए सभी लोगों को साथ लेकर चलने का प्रयास रहेगा।