हॉट स्पॉट क्षेत्र की जानकारी लेते डीएम रविन्द्र कुमार।
- फोटो : AMAR UJALA
बुलंदशहर। डीएम रविन्द्र कुमार ने साठा स्थित दो कंटेनमेंट जोन का निरीक्षण किया। बेरिकेटिंग पर तैनात पुलिसकर्मी नदारद मिले। डीएम ने दोनों को निलंबित करने के आदेश दिए। जोन के अंदर बाइक खड़ी मिलने पर बाइक सीज और एक व्यक्ति को बाहर से जोन के अंदर जाते पकड़े जाने पर एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए हैं। मंगलवार देर शाम डीएम रविन्द्र कुमार ने साठा के दो कन्टेनमेन्ट जोन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बेरिकेटिंग स्थल पर ड्यूटी पर तैनात किए गए पुलिसकर्मी मौके पर नहीं मिले। डीएम ने सीओ को ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों को निलम्बित करते हुए लॉकडाउन के नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए। बैरिकेटिंग के पास कंटेनमेन्ट जोन के अन्दर बाइक खड़ी मिलने पर बाइक सीज करने के साथ ही संबंधित व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए। एक व्यक्ति मौके पर कंटेनमेन्ट जोन में बाहर से अन्दर जाते पकड़ा गया। डीएम ने उसके खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के समय आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति के संबंध में स्थानीय निवासियों द्वारा सुबह कुछ ही समय के लिए कराए जाने पर संबंधित खाद्य सुरक्षा अधिकारी को नोटिस जारी करते हुए आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति दिन में सुबह-शाम एनाउन्समेन्ट कराते हुए एक-एक घंटे कराए जाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के समय सिटी मजिस्ट्रेट अभय कुमार मिश्र, सीओ राघवेन्द्र कुमार मिश्र, ईओ नगर पालिका निहाल चंद उपस्थित रहे। गंदगी मिलने पर सफाईकर्मियों का वेतन काटने के आदेश हॉट-स्पॉट का स्थलीय निरीक्षण करते हुए गलियों एवं नालियों में गन्दगी पाये जाने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए ईओ नगर पालिका को निर्देश दिये कि संबंधित सफाई कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटते हुए सफाई व्यवस्था कराई जाए। उन्होंने कहा कि गलियों एवं नाली में गन्दगी फैलाने वालों पर कार्रवाई करें। वहीं, निरीक्षण के दौरान एक प्लॉट में गंदगी मिलने पर सख्त नाराजगी व्यक्त की और संबंधित व्यक्ति को नोटिस जारी करते हुए जुर्माना वसूलने के साथ सफाई कराने के निर्देश ईओ नगर पालिका को दिए।