राम मंदिर निर्माण के लिए भेजी गई चांदी की ईंटें।
- फोटो : AMAR UJALA
बुलंदशहर। राम मंदिर निर्माण को लेकर दान देने वालों का सिलसुला शुरू हो गया है। मंगलवार को नगर के इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन द्वारा मंदिर निर्माण के लिए चांदी की ईटें दान की गई। इन ईटों का वजन पांच किलो से अधिक हैं। दानदाताओं ने इस ईंट को मंदिर की नींव में इस्तेमाल करने की मांग की गई है। बुलंदशहर इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने राम जन्मभूमि मंदिर के निर्माण के लिए चांदी की ईटें प्रदेश कार्यालय लखनऊ भेजी गई। एसोसिएशन के अध्यक्ष राजकुमार वर्मा ने बताया कि जनपद के छोटे-बड़े ज्वैलर्स के सहयोग के अंश स्वरूप ये चांदी की ईटें ट्रस्ट को भेंट की गई हैं। इच्छा है कि एसोसिएशन द्वारा भेजी गई ईटों का प्रयोग मंदिर की नींव रखने में किया जाए। इससे पूर्व ईटों की विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद प्रदेश मुख्यालय पर ईटों को भेजा गया। एसोसिएशन के महामंत्री अनुज अग्रवाल ने बताया कि प्रदेश से चांदी की ईटों को एकत्रित कर प्रदेश अध्यक्ष अनुराग रस्तोगी द्वारा अयोध्या राम मंदिर न्यास बोर्ड ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के माध्यम से प्रभु श्री राम लला को समर्पित की गई। जिसमें पूरे प्रदेश के सभी छोटे-बड़े ज्वेलर्स बंधुओं ने अपनी स्वयं की इच्छा से चांदी के रूप में अंशदान प्रदान किया। बताया कि यह अंशदान केवल भाव के माध्यम से प्रभु तक अपनी इच्छा को पहुंचाना है और सदा सदा के लिए इस मंदिर से जुड़े रहे इस आस्था के साथ सभी छोटे व बड़े ज्वेलर्स ने अपना-अपना अंश मंदिर को समर्पित किया है। प्रदेश के डायरेक्टर हेमंत वर्मा ने बताया कि संगठन के पदाधिकारियों ने इस काम को करने के लिए केवल इसलिए बीड़ा उठाया है कि प्रभु श्री राम मंदिर के भव्य आयोजन में और समाज और विभिन्न वर्ग के लोग इस प्रकार का आयोजन करें और उनके माध्यम से जो ट्रस्ट ने 10 करोड़ लोगों को इस मंदिर से जोडऩे का सपना देखा है वह पूर्ण हो सके। संगठन पूर्ण रूप से इस भव्य आयोजन का भागी बन सके इसी के फलस्वरूप यह कार्य किया गया है।