बुलंदशहर के गुलावठी थाना पुलिस ने दस टायरा ट्रक से चंडीगढ़ से तस्करी कर बिहार ले जाई जा रही करीब 25 लाख की शराब पकड़ी है। शराब ट्रक में लकड़ी के बुरादे की बोरियों के बीच छिपाकर ले जाई जा रही थी। पुलिस ने ट्रक चालक समेत दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों को जेल भेज दिया गया है।
गुलावठी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सचिन मलिक ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि शराब हापुड़-बुलंदशहर मार्ग होते हुए बिहार ले जाई जा रही है। सूचना पर पुलिस ने हाईवे पर ग्राम मिट्ठेपुर के पास बैरियर लगाकर चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान हापुड़ की ओर से एक ट्रक आता दिखाई दिया।
पुलिस ने घेराबंदी कर कुछ ही दूरी पर ट्रक को रोक लिया। चेकिंग के दौरान ट्रक में शराब बरामद हुई, जोकि लकड़ी के बुरादे की बोरियों के बीच में छिपाकर रखी हुई थी। पुलिस ने ट्रक चालक समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान चुन्नू निवासी ग्राम हत्था कत्यान थाना पीहर जिला मुजफ्फरपुर बिहार और गणेशी निवासी ग्राम हत्था डिटोला थाना पीहर जिला मुजफ्फरपुर के रूप में हुई। ट्रक से 447 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की गई हैं।