उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के शिकारपुर कोतवाली इलाके में एक युवक ने ठेका बंद होने का फायदा उठाते हुए मनमाने दामों पर बाइक पर शराब बेचनी शुरू कर दी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई।
आनन-फानन आरोपी युवक का पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के पास से बाइक के अलावा 22 पव्वे देशी शराब के भी बरामद किए हैं।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ। वायरल वीडियो में एक युवक द्वारा बाइक पर कट्टे में भरकर शराब बेची जा रही थी। कई लोग उससे शराब खरीदते हुए दिखाई दे रहे थे। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधिकारी हरकत में आ गए।
एसएसपी की जांच में पता चला कि उक्त वीडियो शिकारपुर क्षेत्र का है। इसके बाद एसएसपी द्वारा कोतवाली प्रभारी शिकारपुर को आरोपी युवक की शिनाख्त कर उसे गिरफ्तार करने के आदेश दिए गए। शिकारपुर पुलिस की जांच में आरोपी की पहचान आकाश पुत्र छोटेलाल चौहान निवासी मोहल्ला खेल (शिकारपुर) के रूप में हुई।