बुलंदशहर के खुर्जा क्षेत्र के गांव फिरोजपुर में बुधवार को जयंत चौधरी की किसान पंचायत होनी थी जिसमें बड़ी संख्या में किसान पहुंचे। यहां जयंत चौधरी ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग रखी।
राष्ट्रीय लोकदल के उपाध्यक्ष व पूर्व सांसद जयंत चौधरी ने कहा कि हम सब आंदोलनजीवी हैं। 200 से ज्यादा किसान इस दौरान शहीद हो गए। अगर हम आंदोलनजीवी हैं तो हैं। जो दूसरे का खून चूसते हैं उन्हें परजीवी कहते हैं। पीएम संसद में ठहाके लगा रहे हैं।
रालोद के उपाध्यक्ष ने कहा कि पगड़ी आपके पास है, पंचायत के पंच सामने बैठे हैं, अब फैसला आपको करना है। प्रधानमंत्री हों या कृषि मंत्री, संसद में बैठकर देश को गुमराह कर रहे हैं। वह बोले कि, प्रधानमंत्री ने आय सुरक्षा योजना की शुरुआत की थी, लेकिन किसी किसान को एमएसपी तक नहीं मिलता। उन्होंने प्रधानमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि दाढ़ी बढ़ाकर मोदी जी टैगोर बनने की कोशिश कर रहे हैं।