बुलंदशहर के गुलावठी में हाईवे 334 पर शिव शनिदेव मंदिर के निकट मंगलवार शाम करीब पौने छह बजे कौशांबी डिपो की अनुबंधित बस में अचानक आग लग गई। बस में आग लगने से चालक बुरी तरह झुलस गया। अन्य लोगों ने भाग कर अपनी जान बचाई। बस में करीब एक घंटे तक दमकल की गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई।
नगर निवासी शुभम अग्रवाल ने अपनी एक बस कौशांबी डिपो में अनुबंध पर लगा रखी है। शुभम अग्रवाल के भाई मयंक अग्रवाल ने बताया कि बस चालक ने सवारियों को बुलंदशहर में भूड़ चौराहे पर उतार दी, जिसके बाद चालक बस को लेकर उनके पार्किंग स्थल गुलावठी पर खड़ी करने ला रहा था।
मंगलवार की शाम करीब पौने छह बजे शिव शनिदेव मंदिर के निकट चलती बस में वायरिंग में अचानक आग लगने लगी। बस में आग लगने के बाद उसने सड़क किनारे बस को खड़ा कर दिया। बस में आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगी।
आग से बस चालक प्रदीप कुमार निवासी गाजियाबाद झुलस गया। मौके पर अफरातफरी मच गई। बस के पास सड़क किनारे खड़े दुकानदारों ने भागकर अपनी जान बचाई। बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। हाईवे के दोनों ओर के वाहनों को रोक दिया गया।
कोतवाल विवेक शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल को सूचना दी गई। करीब पौन घंटे बाद दमकल ने आग पर काबू पाया। कोतवाल विवेक शर्मा ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया।