रजवाहों में पहुंच रहे मगरमच्छ, लोगों में डर
औरंगाबाद। क्षेत्र में पिछले कई दिनों से लखावटी मध्य गंग नहर में दहशत का पर्याय बने मगरमच्छ को शुक्रवार शाम जनौरा झाल से निकले जाड़ौल वाले रजवाहे से ग्रामीणों ने अपनी जान पर खेलकर उसे पकड़ लिया। ग्रामीणों ने मगरमच्छ का मुंह रस्सी से बांधकर उसे रजवाहे से बाहर निकाल लिया। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मगरमच्छ को अपने साथ ले गई। लखावटी मध्य गंग नहर में लगातार देखे जा रहे इस मगरमच्छ की वजह से ग्रामीणों ने अकेले में इस ओर जाना छोड़ दिया था।
लखावटी मध्यगंग नहर में लखावटी से लेकर गांव बालका तक कई स्थानों पर आधा दर्जन मगरमच्छ ग्रामीणों द्वारा देखे गये थे। जिनकी वीडियो भी वायरल हुई थी, लेकिन उस वीडियो को वन विभाग के अधिकारियों ने फर्जी करार दे दिया था। शुक्रवार शाम गांव जाड़ौल के युवक दौड़ लगाने के लिये जा रहे थे। इस दौरान जाड़ौल रजवाहे में मगरमच्छ दिखाई दिया। रजवाहे में मगरमच्छ निकलने की सूचना पर कई गांव के ग्रामीण मौकेपर आ गए। ग्रामीणों ने उसे रस्सी और डंडो से पकड़कर उसे रजवाहे से बाहर निकाल लिया। ग्राम प्रधान इरफान अली ने इस मामले की सूचना वन विभाग और पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस व अनूपशहर वन विभाग की टीम पहुंची और मगरमच्छ को अपने कब्जे में लेकर अनूपशहर ले गई। उपसंभागीय वन अधिकारी गौतम सिंह ने बताया कि पुलिस और ग्रामीणों की सूचना पर अनूपशहर क्षेत्र के वनकर्मियों ने मगरमच्छ को अपने कब्जे में ले लिया है। मगरमच्छ को वन विभाग के जंगलात में छोड़ दिया जाएगा।