ईदगाह पर नमाज अदा करते मुस्लिम समाज के लोग।
- फोटो : BULANDSHAHR
अमन और शांति के लिए उठे लाखों हाथ
बुलंदशहर। ईद-उल-अजहा के अवसर पर सोमवार को जनपद के विभिन्न हिस्सों में नमाजियों ने खुदा के सजदे में सिर झुकाया। साथ ही देश के अमन और चैन के लिए दुआ की। नमाज के बाद लोग एक-दूसरे से गले मिले और ईद की मुबारकबाद दी। इस दौरान प्रशासनिक कैंप में डीएम और एसएसपी ने लोगों को ईद की मुबारकबाद दी। सुरक्षा व्यवस्था को लेेकर पुलिस और प्रशासन मुस्तैद रहा।
ईद-उल-अजहा पर सुबह से ही खुर्जा अड्डा रोड स्थित ईदगाह में अकीदतमंद पहुंचने लगे। साढ़े सात बजे शहर काजी जैनुल आबेदीन ने ईद की नमाज अदा कराई। इसके बाद उन्होंने देश में अमन और चैन बने रहने की दुआ कराई। उन्होंने कहा कि हिंदू और मुस्लिम सभी एकसाथ भाईचारे के साथ रहें। उन्होंने हज पर जाने वालों को मुबारकबाद दी। साथ ही उन्होंने बेहतर सफाई व्यवस्था के लिए नगर पालिका, सुरक्षा के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियेां का शुक्रिया किया। नमाज के बाद सभी अपने स्थानों पर खड़े हुए और एक दूसरे के गले मिले। इसके बाद सभी खरीदारी करते हुए अपने घरों की ओर चले गए। वहीं, प्रशासन द्वारा लगाए गए कैंप में डीएम रविंद्र कुमार, एसएसपी संतोष कुमार सिंह समेत सभी प्रशासनिक व पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने लोगों को बकरीद की शुभकामनाएं दी। इससे पहले सभी अधिकारियों ने शहर के विभिन्न इलाकों में निरीक्षण करते हुए कालाआम चौराहे से डिप्टीगंज, ऊपरकोट होते हुए शिकारपुर बाइपास से अंसारी रोड तक का घूमे। ईदगाह के पास विभिन्न राजनेतिक दलों के कैंप लगाए गए थे, जिसमें सभी को ईद की शुभकामनाएं दी।