बुलंदशहर। स्याना क्षेत्र में एक व्यक्ति मुंबई से एक जून को खानपुर आने की सूचना मिलने के बाद भी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने लापरवाही बरतते हुए उसे क्वारंटीन सेंटर नहीं भेजा और न ही उसकी स्वास्थ्य जांच कराई। एसडीएम स्याना की आख्या पर डीएम ने डिस्ट्रिक्ट सर्विलांस ऑफिसर/एसीएमओ को संबंधित के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए हैं। एसडीएम स्याना की आख्या 13 जून के अनुसार एक व्यक्ति एक जून की रात लगभग 11 बजे अपने घर खानपुर पहुंचा। जिसकी सूचना निगरानी समिति के सदस्य के माध्यम से 2 जून की सुबह नगर पंचायत कार्यालय खानपुर में उपलब्ध करा दी गई। जहां से अधिशासी अधिकारी द्वारा यह सूचना सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ऊंचागांव के चिकित्साधिकारी को दी गई। परंतु सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर एम्बुलेंस के अभाव में क्वारंटीन नहीं किया जा सका। तीन जून को क्वारंटीन किया गया। सूचना दिए जाने के बाद भी क्वारंटीन करने में देरी हुई। सामुदायिक केन्द्र पर एम्बुलेंस की उपलब्धता नहीं होने के कारण समय रहते न तो उनके घर जाकर, न ही क्वारंटीन सेंटर में उनकी स्वास्थ्य जांच व अन्य आवश्यक कार्रवाई नहीं की जा सकी। एडीएम की आख्या पर डीएम ने दो दिन के अंदर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई करने के आदेश जारी किए हैं।